जोधपुर. नए संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा और जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर दोनों ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता सरकारी योजनाओं को लागू कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने की रहेगी। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। 

जिला कलेक्टर के रूप में इन्द्रजीत सिंह ने मध्यान पूर्व और डॉ. शर्मा ने मध्यान पश्चात कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संभाग में छह जिले है और इन जिलों का शीर्ष अधिकारी होने के नाते मेरी जिम्मेदारी रहेगी कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक को यह महसूस होना चाहिये कि सरकार उनके साथ में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी चाहे वे किसी विभाग के हो समय पर अपने कार्यस्थल पर पहुंच कर लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निदान करे। 
नव नियुक्त जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि यहां अच्छा कार्य पहले से चल रहा है। सभी को साथ लेकर चलते हुए इसे बेहतर बनाने का प्रयास रहेगा। अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकारी कार्यालयों में आने वाले आमजन को परेशान नहीं होना पड़े। उनकी अधिकांश समस्याओं का हाथों हाथ निस्तारण करने की प्राथमिकता रहेगी।