जयपुर. प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से कोरोना का तांडव जारी है...गुरुवार को 500 नए रोगियों के साथ कुल मरीज 22,563 हो गए। वहीं, नौ मौतें हुईं और मरने वालों का आंकड़ा 491 तक पहुंच गया। मृतकों मेंं जोधपुर और पाली के 3-3, जयपुर-नागौर और उदयपुर का एक-एक शामिल है। एक्टिव रोगी 5,002 हो गए। जोधपुर में सर्वाधिक 112 रोगी मिले, यहां लगातार तीसरे दिन सौ से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले जोधपुर में 7 जुलाई को 143 और 8 जुलाई को 183 रोगी सामने आए थे।

नए रोगियों में बाड़मेर के 53, जयपुर के 48, बीकानेर के 43, अजमेर के 34, भरतपुर के 29, अलवर के 21, सीकर के 16, उदयपुर के 15, चूरू के 13, दौसा के 11, झुंझुनूं के 8, करौली, पाली और सिरोही के 7-7, धौलपुर के 6, राजसमंद-बारां के 3-3, कोटा के 2, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, जालौर, टोंक और प्रतापगढ़ का एक-एक है। इसके अलावा अन्य राज्य के दो रोगी मिले। ठीक होने वाले रोगी 17 हजार पार होकर 17,070 हो गए। 

इससे प्रदेश में रिकवरी रेट 75.35% पर पहुंच गया। हालांकि, पहले यह 80% से ऊपर था। वहीं, प्रवासी संक्रमित 5833 हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की दर 2.17 प्रतिशत है। प्रदेश में अब तक 9,87,272 जांचें हो चुकी हैं। जिनमें 9,60,369 सैंपल निगेटिव आए हैं। 

वहीं, झालावाड़ में एक नया रोगी मिलने से यह कोरोनामुक्त होते-होते रह गया। यहां अब तक 380 रोगी सामने आए हैं, जिसमें से 379 मरीज रिकवर हो गए हैं। यदि गुरुवार को कोई नया केस नहीं आता तो जिला कोरोना फ्री घोषित कर दिया जाता। 

पूर्व सीएम जयनारायण व्यास के पौत्र कमल नयन का कोरोना से निधन हुआ
राजस्थान के पू‌र्व सीएम जयनारायण व्यास के पौत्र कमल नयन व्यास का निधन हो गया। वे काेरोना से पीड़ित थे। एक पखवाड़े से जिंदगी की जंग लड़ रहे 60 वर्षीय कमल नयन ने 8 जुलाई की रात को अंतिम सांस ली। वे 22 जून को भर्ती हुए थे।

जोधपुर में हाईकोर्ट जज का निजी सचिव संक्रमित, 975 सुनवाई टलीं
राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ के एक जज के निजी सचिव के कोरोना पॉजिटिव आते ही हाईकोर्ट में हड़कंप मच गया। हाईकोर्ट प्रशासन ने चीफ जस्टिस के निर्देश पर गुरुवार को कार्य स्थगित कर दिया और सभी कोर्ट रूम व पूरे कैंपस को सेनेटाइज कराया गया। वहीं एकाएक कार्य स्थगित होने से शुक्रवार को सूचीबद्ध 975 मामलों की सुनवाई टल गई। जो वकील कैंपस में प्रवेश कर चुके थे, उन्हें कोर्ट रूम में नहीं जाने दिया। उनके बाहर जाने पर मेनगेट बंद कर दिया गया। कई को बाहर से ही वापस लौटना पड़ा।

देश; 27,045 राेगी, 493 मौतें, यूपी में 3 दिन का लाॅकडाउन

कोरोना के बढ़ते संक्रमण काे देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार शुक्रवार रात 10 बजे से पूरे राज्य में तीन दिन के लिए लाॅकडाउन लागू करेगी। 55 घंटों का लाॅकडाउन 10 जुलाई रात 10 बजे शुरू हाेकर 13 जुलाई सुबह पांच बजे तक चलेगा। उधर, गुरुवार काे देश में काेराेना संक्रमण के मामले 27,045 बढ़कर 7,87,463 हाे गए। गुरुवार काे 493 लाेगाें की माैत हुई। वहीं 19,306 ठीक भी हुए। देश के सबसे संक्रमित राज्य महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन 6000 से अधिक मामले सामने आए, यहां कुल रोगी 2,30,599 हाे गए।

केंद्र ने माना- कुछ जगह स्थानीय स्तर पर सामुदायिक संक्रमण लेकिन राहत ये कि अभी पूरे देश में कम्युनिटी स्प्रेड के हालात नहीं

केंद्र सरकार ने गुरुवार काे पहली बार माना कि देश के कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर काेराेनावायरस का सामुदायिक संक्रमण फैल रहा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं कि पूरे देश में सामुदायिक संक्रमण फैलने लगा है। बाकी देशाें की तुलना में भारत में प्रति एक लाख आबादी पर कोरोना मरीजों की संख्या काफी कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ओएसडी राजेश भूषण ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सामुदायिक संक्रमण की काेई परिभाषा नहीं दी है। देश के कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर सामुदायिक संक्रमण (लोकलाइज आउटब्रेक) है। 

देश के 733 जिलों में 49 में ही 80% केस मिले।
जहां ज्यादा केस आते हैं, वहां 3 दिन में काॅन्टेक्ट ट्रेसिंग कर जांच और क्वारेंटाइन किया जाता है। ऐसा करके संक्रमण फैलने से रोका जा सकता है। 
देश में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग आबादी का महज 10% हैं, पर मरीजों में ये 53% हैं।
कोविड टास्क फोर्स के सदस्य और बीएचयू के कम्युनिटी मेडिसिन के पूर्व प्रमुख डॉ. प्रो. डीसी रेड्डी ने कहा, जब बड़ी संख्या में मरीजों को बीमारी का स्रोत नहीं पता होता है तो महामारी विज्ञान में इसे सामुदायिक संक्रमण मानते हैं।