राजस्थान में भाजपा के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने वसुंधरा राजे पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि वसुंधरा राजे ने राजस्थान कांग्रेस में उनके करीबी विधायकों से फोन करके उन्हें गहलोत का साथ देने की बात कही है। सीकर व नागौर जिले के एक-एक जाट विधायकों को राजे ने खुद बात करके पायलट से दूरी बनाने को कहा है। इसके पुख्ता प्रमाण हमारे पास हैं! 

सियासी जानकार बताते हैं कि बेनीवाल अमित शाह के करीबी हैं। वहीं, वह वसुंधरा राजे के विरोधी माने जाते हैं। इसके अलावा, राजस्थान में सात दिनों से चल रहे सियासी उठापटक पर वसुंधरा राजे ने कोई टिप्पणी नहीं की है। यहां तक की दो बार भाजपा ने जयपुर में बैठक रखी, इसमें भी वसुंधरा नहीं पहुंचीं। इस बीच, अशोक गहलोत और वंसुधरा राजे के गठजोड़ को लेकर ट्विटर पर भी बातें की जाने लगीं। #गहलोत_वसुंधरा_गठजोड ट्विटर के टॉप ट्रेंड में आ गया। 

बेनीवाल ने भाजपा से की थी राजनीति की शुरुआत
बेनीवाल अभी राजस्थान के नागौर सीट से सांसद हैं। उन्होंने भाजपा से राजनीति की शुरुआत की थी। 2008 में बेनीवाल पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2013 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा। 2018 में उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का गठन किया। वे नागौर के ही बारांगांव के रहने वाले हैं। राजस्थान के जाट समुदाय के वोटर्स में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था