जयपुर. सावन के दूसरे दिन मंगलवार काे जयपुर सहित कई इलाकाें में मेघ जमकर बरसे। राजधानी में तो महज दाे घंटे में ही 68 मिमी (करीब पौने तीन इंच) बारिश हो गई। सड़कें उफन पड़ीं। टाेंक राेड, सहकार मार्ग, गर्वमेंट हाॅस्टल, एमआई राेड जैसे मुख्य मार्गों पर पानी के तेज बहाव के कारण जाम लग गया।
वाहनाें की लंबी कतारें लगी रहीं। मानसराेवर न्यू सांगानेर राेड पर मेन सड़क धंस गई। कलेक्ट्रेट पर 68 मिमी, आमेर में 16, सांगानेर में 3 मिमी और एयरपोर्ट पर 0.6 मिमी पानी गिरा। बीते चाैबीस घंटे के दाैरान मानसून भरतपुर, राजसमंद, जालाैर, चित्ताैड़ढ़ जिलाें में भी मेहरबान रहा।
भरतपुर के बयाना में 103 मिमी यानी करीब 4 इंच बारिश दर्ज हुई। जयपुर जिले के फुलेरा, सांभर, दूदू में अच्छी बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ व वागन बांध पर 20-20 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि डूंगला में 24 मिमी पानी गिरा।
आगे क्या: जयपुर-भरतपुर संभाग में तेज बारिश
माैसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिन तक राजस्थान के पूर्वी इलाकाें भरतपुर और जयपुर संभाग में एक-दाे स्थानाें पर भारी बारिश हाेगी, जबकि पश्चिमी जिलाें में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम की संभावना है। इसके बाद 9 जून से ट्रफ लाइन उत्तर की ओर यानि हिमालय की तरफ खिसकने से राज्य में मानसून कमजाेर पड़ेगा। 13 जुलाई तक हल्की बारिश ही हाेगी।
चित्तौड़गढ़: बरसाती नाले में बहने से पति-पत्नी की माैत
चित्तौड़गढ़ जिले में रावतभाटा तहसील के जावदा क्षेत्र के कुआं खेड़ा गांव के बरसाती नाले में बहने से बाइक सवार पति-पत्नी की माैत हाे गई। पुलिस के अनुसार कुआंखेडा निवासी 45 वर्षीय रमेश मीणा और उनकी पत्नी गुड्डी शाेपुर गांव से रात काे अपने गांव कुआंखेड़ा लौट रहे थे। अचानक तेज बारिश से नाला उफान पर आ गया और दाेनाें बाइक सहित बह गए। दोनों के शव एक किमी दूर मिले।
बीसलपुर में अभी आवक नहीं
बीसलपुर में पानी की आवक शुरू नहीं हुई है। हालांकि, कैचमेंट एरिया वाले जिलों में अच्छी बारिश से जल्द आवक के आसार हैं। बांध में अभी 55% पानी है। भराव क्षमता 312.81 आरएल मीटर है।



0 Comments